नया बदायूं

शमशान भूमि व रास्ते से हटाया गया अवैध कब्जा, अफसरों ने चलवाया बुल्डोजर

नया बदायूं संवाददाता, फैजगंज बेहटा।
बदायूं जनपद के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्राम मिर्जापुर बेहटा स्थित गाटा संख्या 740 रकबा 0.100 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में शमशान भूमि के रूप में दर्ज है, उसे अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पर अवैध कब्जा कर फसल बोई गई थी, जिसे जुतवाकर अतिक्रमण हटाया गया।

सोमवार को यह कार्रवाई एसडीएम बिसौली साईं आश्रित साखमुरी के आदेशानुसार नायब तहसीलदार अनंगराज सिंह की अध्यक्षता में राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान मौके पर राजस्व कर्मी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर आराजी ग्राम गंगापुर, परगना इस्लामनगर तहसील बिसौली में भी सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। यहां गाटा संख्या 20 रकबा 0.329 वंजर भूमि तथा गाटा संख्या 21 रकबा 0.431, जो राजस्व अभिलेखों में रास्ते के रूप में दर्ज है, अवैध कब्जा किया गया था। प्रशासन ने जेसीबी के माध्यम से कार्रवाई करते हुए दोनों गाटों को अतिक्रमण मुक्त कराया।

काजी हाउस की जमीन पर भी कब्जा
हालांकि क्षेत्र में अब काजी हाउस की जमीन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि फैजगंज बेहटा में काजी हाउस की भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा बना हुआ है, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक वहां ध्वस्तीकरण की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों के बीच चर्चा है कि जब अन्य सरकारी जमीनों पर बुल्डोजर कार्रवाई की जा रही है तो काजी हाउस की जमीन पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।

राजनीतिक संरक्षण में कब्जा
क्षेत्रीय लोगों ने यह भी सवाल उठाया है कि क्या काजी हाउस की जमीन पर ध्वस्तीकरण न होने के पीछे कोई राजनीतिक दबाव है या प्रभावशाली लोगों का संरक्षण प्राप्त है, अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और काजी हाउस की जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए कब तक कार्रवाई करता है।

Exit mobile version