नया बदायूं

बीमार गर्भवती महिला की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत

नया बदायूं, संवाददाता।

बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव करियामई निवासी एक गर्भवती महिला की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, करियामई गांव निवासी रेखा (37) पत्नी शेर सिंह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। परिजनों के मुताबिक रेखा सात महीने की गर्भवती थीं और डॉक्टरों ने उनके शरीर में खून की कमी (एनीमिया) बताई थी। बताया गया कि परिजनों ने 12 जुलाई को उन्हें दहगवां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, लेकिन वहां उनकी हालत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती चली गई। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बदायूं के मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन तुरंत रेखा को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार शुरू किया गया, लेकिन मंगलवार तड़के इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। इस घटना से परिवार में शोक की लहर है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल बना हुआ है।

Exit mobile version