नया बदायूं

ककराला में समस्याओं को लेकर पालिका पहुंचे सैकड़ों लोग, सभासदों ने जताई नाराजगी

नया बदायूं, संवाददाता ककराला।

बदायूं जनपद में नगर पालिका परिषद ककराला में विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को सैकड़ों लोग पालिका कार्यालय पहुंचे। वार्ड नंबर 19 के सभासद रिहान खान के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने पानी, बोरिंग, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था सहित कई समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई।

इस दौरान वार्ड नंबर 22 के सभासद रहीसुल खान और वार्ड नंबर 24 के सभासद जुनैद खान समेत अन्य सभासद और स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों का कहना था कि कई मोहल्लों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पालिका पर प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पेयजल व्यवस्था दुरुस्त कराने, खराब बोरिंग ठीक कराने, स्ट्रीट लाइट लगवाने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग उठाई। लोगों ने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पा रहा है।

पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार
वहीं प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में पालिका कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। लोगों ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग उठाई गई।

चेतावनी दी…
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। हालांकि, लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर पालिका प्रशासन की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Exit mobile version