नया बदायूं

बदायूं में HPV टीकाकरण अभियान : 286 केंद्रों पर 3313 बच्चियों को लगा टीका

नया बदायूं, संवाददाता।

सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए जनपद में चलाया जा रहा एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान तेजी पकड़ता जा रहा है। सोमवार को जनपद भर में कुल 286 टीकाकरण केंद्रों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 14 वर्ष आयु वर्ग की 3313 बच्चियों को एचपीवी का टीका लगाया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस अभियान के तहत जनपद में कुल 38,010 बच्चियों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोमवार तक के आंकड़ों के मुताबिक 8000 से अधिक बच्चियों को टीका लगाया जा चुका है, जो लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अभियान को और गति देने के लिए लगातार विशेष सत्रों का आयोजन किया जा रहा है।

जनपद के सभी अस्पतालों पर उपलब्ध है टीका

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ मोहम्मद असलम ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण की सुविधा प्रतिदिन सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जा रही है। नगर बदायूं के शहरी क्षेत्रों में भी विशेष रूप से 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी बच्चियों के लिए टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों तक पहुंच बनाई जा सके।

जन आरोग्य मेला में भी लगता है टीका

इसके साथ ही प्रत्येक रविवार को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के दौरान भी सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इन मेलों के माध्यम से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की बच्चियों तक आसानी से पहुंच बनाई जा रही है।

निशुल्क लगाया जाता है टीका

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम संभव है। यही कारण है कि सरकार द्वारा इस टीके को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

सीएमओ की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास शर्मा ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष आयु पूर्ण कर चुकी बेटियों को नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि यह टीका सुरक्षित, प्रभावी और भविष्य में कैंसर जैसी घातक बीमारी से बचाव का सशक्त माध्यम है।

चलाया जा रहा जन जागरूकता अभियान

स्वास्थ्य विभाग ने यह भी बताया कि आशा वर्कर, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र बच्ची इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रह जाए। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे जनपद को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।

Exit mobile version