नया बदायूं

गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा : पंजाब जा रहे युवक की मौत, दो गंभीर घायल

नया बदायूं संवाददाता,  वजीरगंज।

उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं के थाना वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पंजाब नौकरी के लिए जा रहे तीन युवकों में से एक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हरदोई से पंजाब जा रहे थे बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, जिला हरदोई के तीन युवक एक ही बाइक से पंजाब जा रहे थे। इसी दौरान गंगा एक्सप्रेसवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और बेहोश हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।

बाइक सवार सूरज की हुई मौत
बदायूं जिला पुरुष अस्पताल में चिकित्सकों ने सूरज पुत्र प्यारेलाल (23 वर्ष), निवासी ग्राम खौदाखेड़ा, थाना कासिमपुर बेहंदर, जिला हरदोई को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुरेंद्र पुत्र शिवराम (24 वर्ष) और दिलीप पुत्र जगतपाल (19 वर्ष) का उपचार जारी है। तीनों बाइक पर सवार होकर हरदोई से पंजाब जा रहे थे।

 

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया गया कि मृतक सूरज पंजाब के भगत सिंह नगर में जूते की दुकान पर नौकरी करता था। उसका मौसेरा भाई सुरेंद्र पंजाब के फुलनावाल क्षेत्र स्थित ओमेक्स फ्लाइट में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत है। वहीं दिलीप छात्र है और वह भी सूरज के साथ पंजाब जाने के लिए निकला था।

हरदोई से बदायूं पहुंच रहे परिजन
घायल सुरेंद्र ने बताया कि हादसे के बाद तीनों बेहोश हो गए थे, इसलिए उन्हें यह नहीं पता कि किस वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। उन्होंने बताया कि परिजन अभी बदायूं नहीं पहुंच पाए हैं। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव को पैतृक गांव ले जाया जाएगा।

 

सीसीटीवी में हादसे की जांच कर रही पुलिस
गंगा एक्सप्रेसवे पर बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस के द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version