नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में मौसम विभाग द्वारा आकाशीय बिजली गिरने एवं भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 10 व 11 जुलाई 2026 को अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी अवनीश कुमार राय के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार द्वारा जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जनपद में संचालित समस्त परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। अवकाश का उद्देश्य खराब मौसम के चलते संभावित खतरों से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखना है।
हालांकि, 12 जुलाई 2026 को प्रस्तावित वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विद्यालय खुले रहेंगे। इसके तहत विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 11 जुलाई को पौधों की व्यवस्था कर लें और 12 जुलाई को विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही, वृक्षारोपण कार्यक्रम की फोटो एवं जानकारी को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर साझा करने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाया जा सके। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
