नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद में लगातार दूसरे दिन भी झमाझम बारिश होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है। बारिश के चलते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक जलभराव की स्थिति बन गई है। शहर में सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जलभराव के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है।
गुरुवार की सुबह काली घटाओं के बीच हुई है। आसमान में बादलों का डेरा है। सुबह छह बजे से बारिश का सिलसला शुरू हुआ और फिर दो घण्टे झमाझम बारिश हुई है। जिससे जलभराव हो गया। शहर के प्रमुख स्थल गांधी ग्राउंड में लगी नुमाइश भी पानी में फंस गई है, जिससे दुकानदारों और आयोजकों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी है। जगह-जगह सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। हालांकि बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश होते ही कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे आमजन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश का असर कृषि पर सकारात्मक देखने को मिल रहा है।किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो रही है और धान की रोपाई ने रफ्तार पकड़ ली है। कुल मिलाकर, जहां एक ओर बारिश ने गर्मी से राहत दी है, वहीं दूसरी ओर जलभराव, ट्रैफिक जाम और बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
