बदायूं, संवाददाता।
जिले में अवैध चिकित्सा प्रतिष्ठानों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बीते दिन प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग सख्त हो गया है और लगातार कार्रवाई कर रहा है इसी क्रम में एक बार फिर से छापामारी कर अवैध रूप से संचालित अस्पतालों पर शिकंजा कस दिया है। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा के आदेश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को गठित तीन सदस्यीय जांच दल ने बिसौली क्षेत्र में छापेमारी कर छह चिकित्सा प्रतिष्ठानों को मौके पर ही सील कर दिया, जबकि पांच प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए।
सीएमओ कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जांच दल में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीमोहन झा, डॉ. पवन कुमार जायसवाल और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार शामिल रहे। टीम ने सदर क्षेत्र और बिसौली तहसील में चिकित्सा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान साधरा हॉस्पिटल नवादा, सिया आरोग्यम हेल्थकेयर सेंटर सैदपुर, राम डिजिटल एक्स-रे, सिद्धि विनायक डिजिटल एक्स-रे, मेडिकेयर अस्पताल बिसौली और शर्मा जी डेंटल क्लीनिक वजीरगंज को सील किया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से चिकित्सा व्यवसाय करने और नियमों के विरुद्ध अस्पताल संचालित करने वालों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
