नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी के तत्वावधान में गुरुवार को रोडवेज डिपो में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। एआरएम राजेश पाठक ने शिविर का उद्घाटन किया। इस दौरान चालक-परिचालकों को एचआईवी और एड्स के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में 103 चालक-परिचालकों की एचआईवी व सिफलिस जांच की गई। एचआईवी की सभी रिपोर्ट सामान्य रहीं, जबकि सिफलिस जांच में एक कर्मचारी की रिपोर्ट रिएक्टिव मिली। कर्मचारी की काउंसलिंग कर उपचार और नियमित दवा लेने की सलाह दी गई। इसके अलावा सामान्य स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण और अन्य जांच के साथ निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। 70 लोगों का सेल्फ रिस्क एसेसमेंट भी कराया गया।
शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. विक्रम सिंह पटेल, परामर्शदाता सुषमा सिंह, लैब टेक्नीशियन सौरभ सक्सेना, नेत्र सर्जन डॉ. उत्पल रस्तोगी, फार्मासिस्ट प्रशांत सिंह, एसटीएस सुदेश सक्सेना, एसटीएलएस शाहिद हुसैन, एसटीआई परामर्शदाता राजीव कुमार और आउटरीच वर्कर सुनील कुमार सहित रोडवेज कर्मचारियों का सहयोग रहा।
