नया बदायूं, संवाददाता।
पालिका परिसर से गुरुवार को देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के नेतृत्व में निकली रैली में नगर पालिका के सभासद, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षिकाएं, छात्राएं, युवा और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के उत्साह से शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष से प्रमुख मार्ग गूंज उठे।
गुरुवार को रैली से पहले पालिका परिसर में उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद सभी प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर निर्धारित मार्ग पर रवाना हुए। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने रैली का स्वागत किया। घरों और प्रतिष्ठानों के बाहर खड़े लोगों ने भी तिरंगा यात्रा का उत्साह बढ़ाया।
तिरंगा देश की आन बान शान : फात्मा रजा
पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी केवल सरकार और प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। स्वच्छता, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कानून का पालन और सामाजिक सौहार्द के माध्यम से नागरिक देश को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं।
एकता का संदेश
रैली में शामिल लोगों ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के बावजूद देशवासी तिरंगे के नीचे एकजुट हैं। प्रतिभागियों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
यह रहे शामिल
रैली में सभासद मुकेश साहू, मोहित सक्सेना, लियाकत अली, अबरार, ममता, मनोज कश्यप, किशोर, रफी उद्दीन, कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, चन्द्र भूषण, सूर्य प्रताप सिंह, केशव गंगवार, लवी कुमार, राजेन्द्र सिंह, नवेद इकबाल गनी, सचिन सक्सेना, सुमित सिंह, महेश बाबू, रजनेश चन्द्र, साहिर हुसैन, मनोज सक्सेना, सुरेन्द्र कुमार, अब्बास अली, रिजवान आदि मौजूद रहे।
