नया बदायूं

विहिप के स्थापना दिवस पर उझानी में भव्य कार्यक्रम, हिंदू समाज की एकजुटता पर जोर

नया बदायूं संवाददाता उझानी, बदायूं।

विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को उझानी नगर स्थित महाराजा अग्रसेन धर्मशाला में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विहिप के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

मुख्य वक्ता प्रांत संगठन मंत्री राजेश ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद हिंदू समाज को संगठित करने, सामाजिक समरसता मजबूत करने तथा भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा, संस्कार और संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को जाति, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर संगठित होकर राष्ट्र एवं समाज हित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता रविदास महाराज ने की। प्रवीण महाराज विशेष अतिथि और नगर संघ संचालक डॉ. आलोक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने विहिप की स्थापना, उद्देश्यों और हिंदू समाज के प्रति संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नीरज रस्तोगी, नगर अध्यक्ष धीरेंद्र सोलंकी, जिला मंत्री विनय प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष अरविंद शर्मा, राजीव साहू, जिला कोषाध्यक्ष नीरज कोचर, राजेश सपरा, विशेष संपर्क प्रमुख नीरज शर्मा, विभाग संयोजिका किरण, जिला मंत्री बिसौली रोहित सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संचालन जिला सह मंत्री राजेश बाबू ने किया।

Exit mobile version