नया बदायूं, संवाददाता।
श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर मढई चौक स्थित चा हमीर मोहल्ले के लिंगेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भक्तों का मंदिर में आना-जाना लगा रहा और पूरे परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ का विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक और दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचे। मंदिर परिसर “हर-हर महादेव”, “जय भोलेनाथ” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध और बिल्वपत्र अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा अपनी मनोकामनाएं मांगीं। मंदिर के पुजारी धनीराम शर्मा ने विधिवत विशेष आरती कराई। इसके पश्चात खीर, बिस्किट, चॉकलेट और फलों का भोग लगाकर प्रसाद का वितरण किया गया।
पुजारी धनीराम शर्मा ने बताया कि भगवान भोलेनाथ अत्यंत भोले हैं और श्रद्धा से चढ़ाए गए एक लोटा जल से ही प्रसन्न होकर भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में शिव आराधना का विशेष महत्व होता है और इस दौरान की गई पूजा का कई गुना फल प्राप्त होता है।
इस मौके पर अनिल वर्मा, प्रियांशु मिश्रा, जयंत रस्तोगी, राजकुमार सिंह सेंगर, रवि रस्तोगी, संजय रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
