बदायूं, संवाददाता।Nayabadaun
आगामी विधानसभा चुनाव-2027 में बदायूं की सभी छह विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लक्ष्य को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा कार्यालय पर क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरन लाल लोधी की अध्यक्षता में जिला कोर कमेटी की बैठक हुई। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष पुरन लाल लोधी ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में बदायूं की सभी छह विधानसभाओं में कमल खिलाने के लक्ष्य के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता से जुटे। उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। इसलिए बूथ स्तर तक भाजपा को मजबूत करते हुए प्रत्येक बूथ पर प्रभावी संपर्क और संवाद कायम किया जाए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की मजबूती के लिए बूथों पर लगातार सक्रियता बढ़ाई जाए और जनता से सीधा संपर्क बनाए रखा जाए। पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता लोगों के बीच पहुंचें तथा संगठन को और मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।
प्रभारी मंत्री अरुण सक्सेना ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है। कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार संपर्क में रहें और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सक्रियता और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर 2027 में जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर पार्टी की विजय सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि जनपद में भाजपा को मजबूत करने का कार्य लगातार चल रहा है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से निरंतर संवाद बनाए रखे। उन्होंने कहा कि छह विधानसभाओं में कमल खिलाने का लक्ष्य केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता का संकल्प है। इसी संकल्प के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करते हुए आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटना है।
बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्षा वर्षा यादव, निवर्तमान सांसद धर्मेंद्र कश्यप, क्षेत्रीय महामंत्री राजेश्वर सिंह पटेल, क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, निवर्तमान विधायक धर्मेंद्र शाक्य एवं कुशाग्र सागर, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, वरिष्ठ नेता डीके भारद्वाज, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
