उझानी, संवाददाता।
नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज में चल रहे तीन दिवसीय स्काउट प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। छात्राओं ने तंबुओं का शहर बसाया। सीनियर वर्ग में मां दुर्गा कंपनी ओवरऑल चैंपियन रही।
मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या वीरू ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बालिकाएं अपनी अद्भुत क्षमता को पहचानें और अपनी शक्ति को सृजनात्मक कार्यों में लगाएं।
जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बालिकाएं श्रेष्ठ ज्ञान हासिल कर राष्ट्र का मस्तक ऊंचा करें। अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझते हुए अपनी शक्ति और सामर्थ्य को राष्ट्रहित में लगाएं।
जूनियर वर्ग में पार्वती कंपनी प्रथम, रानी लक्ष्मीबाई द्वितीय और मां सरस्वती कंपनी तृतीय रही। सीनियर वर्ग में मां दुर्गा प्रथम, श्री राधा कृष्ण द्वितीय तथा भारत माता और मां सरस्वती कंपनी तृतीय स्थान पर रहीं। मां संतोषी, मां काली, धरती माता और मीराबाई कंपनी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
गाइड कैप्टन रजनी कुमारी और प्रेमलता शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने कैंपफायर के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षिका सरिता शर्मा, इच्छा तिवारी और राजकुमारी पाल निर्णायक रहीं। विजेता कंपनियों को प्रधानाचार्या वीरू, शिक्षिका वसीम निगहत खानम और रंजू कुमारी ने सम्मानित किया।
इस मौके पर मुस्कान शर्मा, शालिनी वार्ष्णेय, गुंजन गुप्ता, पूजा चौहान, रोहिल्ला नाज, श्यामा शर्मा, शिल्पी गुप्ता, अमीर बानो, सुषमा तिवारी आदि मौजूद रहीं।
