नया बदायूं

पिपरिया में कैंप लगाकर गोवंशों का निशुल्क टीकाकरण

आसफपुर, संवाददाता।

विकासखंड आसफपुर के ग्राम पिपरिया में लंबी स्किन डिजीज से गोवंशों के बचाव के लिए पशु चिकित्सा विभाग की ओर से टीकाकरण कैंप लगाया गया। पशु चिकित्सा अधिकारी आसफपुर दीप कुमार वार्ष्णेय ने कैंप में संरक्षित गोवंशों का निशुल्क टीकाकरण किया और ग्रामीणों को लंबी स्किन डिजीज के लक्षण, बचाव और उपचार के संबंध में जानकारी दी।
पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि लंबी स्किन डिजीज एक वायरल बीमारी है, जो विशेष प्रकार के विषाणु के कारण गोवंशों में होती है। बीमारी की चपेट में आने पर पशु को तेज बुखार आने के साथ शरीर पर बड़ी-बड़ी गांठें और फोड़े बन सकते हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि किसी गोवंश में इस तरह के लक्षण दिखाई देने पर उसे तत्काल अन्य पशुओं से अलग कर दें और इसकी सूचना पशु चिकित्सा विभाग को दें।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार की मोबाइल वेटरनरी यूनिट के टोल फ्री नंबर 1962 पर कॉल कर पशुओं के उपचार की सुविधा घर पर ही निशुल्क प्राप्त की जा सकती है। पशुपालकों से अपने गोवंशों का समय से टीकाकरण कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की गई।

Exit mobile version