बदायूं, संवाददाता।Nayabadaun
उत्तर प्रदेश राजकीय सिविल पेंशनर्स परिषद की जनपद शाखा बदायूं की ओर से 16 सितंबर को परिषद के संस्थापक स्व. त्रिपुरारी शरण का जन्मोत्सव एवं स्थापना दिवस कलेक्ट्रेट स्थित पेंशन भवन परिसर में उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष प्यारे सिंह यादव शिशु ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद स्व. त्रिपुरारी शरण के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। वरिष्ठ कवि एवं समीक्षक महेश मित्र ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। महामंत्री दिलीप अग्रवाल ने स्व. त्रिपुरारी शरण के जीवन परिचय तथा उनके कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
सेवानिवृत्त डिप्लोमा इंजीनियर संघ के अध्यक्ष राधेश्याम ने कहा कि सरकार द्वारा पेंशनर्स को आठवें वेतन आयोग के दायरे से बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसका संगठन विरोध कर रहा है। वरिष्ठ नागरिक एवं पेंशनर्स सेवा संस्थान के जनपद अध्यक्ष प्रमोद मिश्रा ने कहा कि सिविल सर्विसेज पेंशन नियमावली वैधता अधिनियम में संशोधन के प्रयास से पेंशनर्स में आक्रोश है। उन्होंने सरकार से अपना निर्णय वापस लेने की मांग की।
संयुक्त पेंशनर्स कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के जनपद अध्यक्ष संतोष शर्मा ने कहा कि समिति की ओर से प्रधानमंत्री को तीन बार ज्ञापन दिए जाने के बावजूद आठवें वेतन आयोग के लाभों को लेकर सरकार ने अभी अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। उन्होंने पेंशनर्स के हित में सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
कार्यक्रम में विद्युत पेंशन परिषद के सचिव शमशाद हुसैन, डिप्लोमा इंजीनियर संघ के भूपाल सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस विभाग एसोसिएशन के सूरजभान शर्मा और वीरेंद्र सिंह तोमर ने भी विचार व्यक्त किए।
परिषद की ओर से विभिन्न संगठनों के अशोक सक्सेना, प्रमोद मिश्रा, गुलाब सिंह राठौर, आचार्य प्रताप सिंह, ओम प्रकाश शर्मा, ब्रजेश चौहान, राधेश्याम, सूरज भान शर्मा, भूपाल सिंह, शमशाद हुसैन, अरुण कुमार अग्निहोत्री और वीरेंद्र सिंह तोमर को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
काव्य क्षेत्र में योगदान के लिए स्काउट गाइड संस्था के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना, वरिष्ठ कवि उमाशंकर राही, रामबहादुर व्यथित और महेश मित्र को सम्मानित किया गया। कवियों ने अपनी ओजपूर्ण रचनाएं भी प्रस्तुत कीं।
इस अवसर पर रामस्वरूप वर्मा, वेद प्रकाश गंगवार, महेंद्र सिंह यादव, बहोरनलाल, रमेश चंद्र राठौर, जगदीश कुमार त्रिपाठी, विकार अहमद, आर्येंद्र कुमार सिंह, तारा चंद्र, रूपकिशोर, महेंद्रपाल, प्रेमपाल, हरिप्रसाद, मनसुखलाल गुप्ता, टीआर वर्मा, प्यारे लाल पाल, श्याम चंद्र गुप्ता, सुरेश यादव, कामता प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष शर्मा ने किया। जानकारी मीडिया प्रभारी दिलीप अग्रवाल ने दी।
