नया बदायूं, संवाददाता।
सहसवान विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक रहे एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके वरिष्ठ समाजवादी नेता ओमकार सिंह यादव के निधन की खबर से पूरे जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की सूचना मिलते ही समर्थकों और क्षेत्रवासियों में गहरा दुख व्याप्त हो गया।
ओमकार सिंह यादव लंबे समय तक सक्रिय राजनीति में रहे और उन्होंने सहसवान विधानसभा क्षेत्र का कई बार प्रतिनिधित्व किया। वे समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेताओं में गिने जाते थे और क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए उनकी पहचान बनी रही।
उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। समर्थकों का कहना है कि उनके जाने से क्षेत्र ने एक मजबूत जननेता खो दिया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी ओमकार सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ओमकार सिंह यादव का निधन पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। बताया जा रहा है कि उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन की ओर से भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि अंतिम संस्कार के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। ओमकार सिंह यादव के निधन पर विभिन्न दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
