नया बदायूं

पूर्वमंत्री आबिद रजा ने नेताजी के जन्मदिन पर चित्र पर पुष्प अर्पित कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि**

 

बदायूं संवाददाता।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षामंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पद्म विभूषण से सम्मानित धरतीपुत्र श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की जयंती (जन्मदिन) के अवसर पर पूर्वमंत्री आबिद रजा ने आरफीन बारात घर में नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने नेताजी के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाज के सभी वर्गों के प्रति उनके योगदान को याद किया।

पूर्वमंत्री आबिद रजा ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव एक बड़े दिल वाले धर्मनिरपेक्ष नेता थे। उनका व्यक्तित्व और राजनीतिक सोच किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं थी, बल्कि वह देश के सभी वर्गों के नेता थे। पक्ष और विपक्ष के सभी नेता नेताजी का सम्मान करते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा समाज के कमजोर, गरीब और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया।

उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव गरीबों, मजदूरों, मजलूमों, छात्रों, किसानों और अल्पसंख्यकों की मजबूत आवाज थे। वह इन सभी वर्गों के मसीहा थे। नेताजी ने हमेशा आम आदमी के हितों को प्राथमिकता दी और समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का काम किया। उनके विचारों और संघर्ष ने देश की राजनीति में एक अलग पहचान बनाई।

आबिद रजा ने कहा कि नेताजी का व्यक्तित्व इतना व्यापक था कि राजनीतिक विचारधाराओं में अंतर होने के बावजूद सभी दलों के नेता उनका सम्मान करते थे। देश के रक्षामंत्री के रूप में भी उन्होंने राष्ट्रहित में कई महत्वपूर्ण और मजबूत फैसले लिए। उनका राजनीतिक अनुभव, दूरदर्शिता और देश के प्रति समर्पण हमेशा याद किया जाता रहेगा।

पूर्वमंत्री ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव का जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। गरीबों, किसानों, मजदूरों, छात्रों और अल्पसंख्यकों के प्रति उनका जुड़ाव उन्हें जन-जन का नेता बनाता था। उनके विचार और समाज के प्रति योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे।

इस अवसर पर नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प व्यक्त किया गया।

Exit mobile version