लखनऊ, संवाददाता। राज्य ब्यूरो
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना कुनबा बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। भाजपा के आंवला से पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप अपनी बेटी कीर्ति कश्यप समेत कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। मंगलवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय के डॉ. राम मनोहर लोहिया सभागार में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सभी को सदस्यता दिलाई।
सपा में शामिल होने वालों में आलापुर, बदायूं के चेयरमैन फहीमुद्दीन, बसपा के आंवला से पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सैयद आबिद अली, श्रावस्ती के भाजपा नेता देव प्रताप सिंह और तेज प्रताप सिंह, करनैलगंज विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रंजीत गिरी गोस्वामी, बहराइच के बसपा नेता संतोष तिवारी, बहराइच भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज कुमार वर्मा सोनी, उन्नाव के सर्वेश कुमार वर्मा, भारतीय साहू-राठौर सभा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुज कुमार साहू, बरेली के विनोद विश्वकर्मा, उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर वाल्मीकि, सूरजपाल वाल्मीकि, विजय चौहान और गुरुप्रसाद सहित कई नेता शामिल रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान प्रधान, पूर्व प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और अन्य प्रभावशाली लोग भी मौजूद रहे।
पूर्व सांसद धर्मेन्द्र कश्यप ने भाजपा सरकार पर पिछड़ों और दलितों के साथ न्याय नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोग भाजपा से त्रस्त हैं। कश्यप समाज के लोगों की हत्याओं के मामलों में न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार पर दोहरी व्यवस्था अपनाने और जाति के आधार पर कार्रवाई में भेदभाव करने का आरोप लगाया। कश्यप ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में मछुआ समुदाय के बीच जाकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करेंगे।
अखिलेश यादव ने सपा में शामिल हुए सभी नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि अलग-अलग राजनीतिक दलों में रहकर चुनाव में एक-दूसरे के सामने खड़े होने वाले नेता अब पीडीए के मजबूत स्तंभ के रूप में एक मंच पर आए हैं। धर्मेन्द्र कश्यप के पार्टी में शामिल होने से बरेली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूरे प्रदेश में पीडीए की लड़ाई तथा सामाजिक न्याय की स्थापना का संघर्ष मजबूत होगा। उन्होंने दावा किया कि जिस दिन विधानसभा चुनाव की तारीख घोषित होगी, उसी दिन भाजपा चुनाव हार जाएगी।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 2027 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन तय है। सभी वर्गों के लोगों को अखिलेश यादव के नेतृत्व से उम्मीद है। उन्होंने भाजपा सरकार पर अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि बजट के इस्तेमाल की जांच सपा सरकार बनने पर कराई जाएगी। सभी वर्गों को एकजुट कर भाजपा को हराया जाएगा और अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
आंवला के सांसद नीरज मौर्य ने कहा कि प्रदेश में परिवर्तन की बयार चल रही है। सभी मिलकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करेंगे और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय की स्थापना सपा सरकार में ही संभव है।
कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, पूर्व सांसद विशम्भर प्रसाद निषाद सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
