नया बदायूं संवादाता। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं से एक अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। सहसवान सामाजिक वानिकी क्षेत्र कार्यालय में तैनात एसडीओ अशोक कुमार त्यागी (59 वर्ष) का दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया है।
हाल ही में हुई थी पदोन्नति
मूल रूप से जनपद हापुड़ के निवासी श्री त्यागी पिछले दो वर्षों से सहसवान में उप वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) के पद पर तैनात थे। उनकी कार्यकुशलता और समर्पण को देखते हुए शासन द्वारा बीते नवंबर माह में ही उन्हें एसडीओ (Sub Divisional Officer) के पद पर प्रोन्नत किया गया था।
आवास पर बिगड़ी तबीयत।
पदोन्नति के बाद भी जनपद मुख्यालय पर पदस्थापना न मिल पाने के कारण वह वर्तमान में सहसवान स्थित सामाजिक वानिकी कार्यालय के सरकारी आवास पर ही निवास कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान ले जाया गया। वहां चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत त्यागी ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना (कार्डियक अरेस्ट) बताया गया है।
विभाग में शोक की लहर।
एसडीओ अशोक कुमार त्यागी के निधन की खबर फैलते ही वन विभाग और सामाजिक वानिकी कार्यालय के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अगले वर्ष अपनी सेवानिवृत्ति के करीब थे। विभाग के सहकर्मियों ने उन्हें एक मृदुभाषी और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में याद किया। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच रहे हैं।
