बदायूं संवाददाता।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान तेज कर दिया है। 3 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए दो खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय सीएल यादव और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान बिसौली के बुद्ध बाजार रोड स्थित श्रीपाल किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। मौके पर लगभग 600 किलोग्राम सरसों का तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है, नियमानुसार सीज कर दिया गया।
वहीं, बदायूं के बाईपास रोड स्थित मेसर्स किसान पेठा भंडार से पेठे का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। दोनों नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित नहीं करने की हिदायत दी गई। विभाग ने आमजन को मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसान के प्रति भी जागरूक किया।
कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवत सिंह, प्रमोद कुमार, करन सिंह और राजेंद्र नाथ मिश्रा मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
