नया बदायूं, संवाददाता।
वैश्य गरिमा मंच द्वारा रविवार को दानवीर भामाशाह की जयंती के अवसर पर बदायूं मेडिकल कॉलेज एवं जिला पुरुष चिकित्सालय में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने भामाशाह जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित किए जाने की मांग भी उठाई।
युवा प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जन्म 28 जून 1547 को मेवाड़ में हुआ था। उन्होंने हल्दीघाटी के युद्ध के बाद महाराणा प्रताप को अपनी संपूर्ण संपत्ति दान कर सेना के पुनर्गठन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। उन्होंने कहा कि भामाशाह के योगदान को देखते हुए समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए तथा वैश्य और क्षत्रिय समाज के बीच एकता और सम्मान की भावना को बढ़ावा देना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष शिवस्वरूप गुप्ता ने कहा कि भामाशाह जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए और केंद्र सरकार से इस दिन राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने की मांग की। नगराध्यक्ष भगवान स्वरूप गुप्ता एवं सर्वेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज को अपने अधिकारों और सामाजिक भागीदारी के प्रति जागरूक होकर संगठित रूप से आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में गिरधारी सिंह, संजीव कुमार, विशाल गुप्ता, मानव गुप्ता, रमन पटेल, अखिलेश गुप्ता सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
