नया बदायूं, संवाददाता बदायूं।
श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालु कांवड़ियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बदायूं पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के लालपुल में स्थापित कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम एवं पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन किया।
इस दौरान अपर एसपी सिटी ने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ियों के प्रति संवेदनशील, विनम्र एवं तत्पर व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को समय पर हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
कंट्रोल रूम स्थापित
कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम एवं सहायता केंद्र पर श्रद्धालुओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पंखे, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और मेडिकल सहायता सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा
इस मौके पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया और सुरक्षित व शांतिपूर्ण यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने तथा किसी भी सहायता के लिए नजदीकी पुलिस सहायता केंद्र या डायल-112 से संपर्क करने की अपील की गई।
यह रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान सीओ सिटी राहुल पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली संजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। बदायूं पुलिस ने कहा है कि श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सकुशल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए वह पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
