नया बदायूं

वनस्पतियां और औषधियां हो रहीं नष्ट, मानव जीवन पर मंडरा रहा खतरा

नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के छठवें दिन स्काउट-गाइड्स ने राहगीरों और यात्रियों को शीतल जल पिलाकर उनकी प्यास बुझाई। भीषण गर्मी में यह सेवा शिविर लोगों के लिए राहत का माध्यम बना हुआ है।

बुधवार को शिविर में स्काउट संस्था के जिला मुख्यायुक्त एवं प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने कहा कि युवा वर्ग को समझदारी से कार्य करते हुए अपने उत्तरदायित्वों को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सेवा, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि युद्ध में मिसाइलें धरती का सीना चीर रहीं हैं। प्राकृतिक जल स्रोत, वनस्पतियां और औषधियां तेजी से नष्ट हो रही हैं, जो मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा है। जीवनी शक्ति के लिए प्रकृति और जल का संरक्षण करें। डीटीसी सत्यपाल गुप्ता ने कहा कि जल का मूल्य समझना बेहद आवश्यक है। आज हम जल को बचाने के प्रति जागरूक नहीं हुए, तो भविष्य में इसकी भारी कमी का सामना करना पड़ेगा। हर व्यक्ति को जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। डीओसी मोहम्मद असरार ने कहा कि जल ही जीवन है। जल का दुरुपयोग न करें और दूसरों को भी जल के प्रति जागरूक करें। उन्होंने बताया कि राजकीय कन्या इंटर कालेज की गाइड और राजकीय इंटर कालेज के स्काउट निशुल्क जल सेवा शिविर में दिनभर सेवा कार्य में जुटे रहे। इस मौके पर शिक्षिका सुनीति यादव, निशा शाक्य, फराह नाज, वैष्णवी, रवनीत कौर, अनुष्का, अज्जाजाम, रूचित बाबू, सागर आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version