नया बदायूं

बदायूं के पांच शिक्षकों का राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट और पपेट्री प्रतियोगिता के लिए चयन

बदायूं, संवाददाता।

सप्तम राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट और पपेट्री प्रतियोगिता के लिए जनपद बदायूं के पांच शिक्षकों का चयन हुआ है। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), बदायूं में आयोजित प्रतियोगिता में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों ने विभिन्न विषयों में अपनी कला, क्राफ्ट और पपेट्री का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान प्राथमिक स्तर पर भाषा और गणित विषय तथा उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें अध्यापक-अध्यापिकाओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक कला और क्राफ्ट प्रस्तुत किए।
प्राथमिक स्तर की भाषा विषय प्रतियोगिता में पवन, प्राथमिक विद्यालय बसेला, विकासखंड दातागंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक स्तर की गणित विषय प्रतियोगिता में नाहिद फरहान, प्राथमिक विद्यालय सिसौरा, विकासखंड कादरचौक ने प्रथम स्थान हासिल किया।
उच्च प्राथमिक स्तर पर गणित विषय में सुशील कुमार, उच्च प्राथमिक विद्यालय उरैना, विकासखंड वजीरगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान विषय में दीपिका सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय कादराबाद, विकासखंड समरेर ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसी क्रम में सामाजिक विज्ञान विषय में विनीत कुमार सोलंकी, उच्च प्राथमिक विद्यालय खिरियावाकरपुर, विकासखंड कादरचौक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले ये पांचों शिक्षक अब लखनऊ में आयोजित सप्तम राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट और पपेट्री प्रतियोगिता में जनपद बदायूं का प्रतिनिधित्व करेंगे। शिक्षकों के चयन से शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता के माध्यम से शिक्षकों की रचनात्मक क्षमता और शिक्षण में कला एवं क्राफ्ट के प्रयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Exit mobile version