नया बदायूं, संवाददाता वजीरगंज।
थाना वजीरगंज क्षेत्र के गांव रोटा में सोमवार को युवती को कथित रूप से ब्लैकमेल करने के विवाद में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि फायरिंग हो गई, जिसमें ड्यूटी से लौट रहे एक सफाई कर्मचारी के पैर में गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार रोटा निवासी अगरपाल पुत्र नेकराम (45) ग्राम पंचायत सरोरिया में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को वह ड्यूटी समाप्त कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदायूं-मुरादाबाद एमएफ हाईवे स्थित रोटा चौराहे पर दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
परिजनों के मुताबिक गांव की एक युवती को गांव का ही एक युवक कथित रूप से ब्लैकमेल कर रहा था। इस बात की जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि युवक ने अपने बहनोई अभिषेक निवासी नेकपुर (बदायूं) को मौके पर बुला लिया, जो कुछ अन्य लोगों के साथ रोटा चौराहे पर पहुंचा।
बताया जाता है कि बातचीत के लिए युवती के पिता को भी चौराहे पर बुलाया गया, जहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी तेज हो गई। इसी दौरान आरोप है कि अभिषेक ने फायरिंग कर दी। फायरिंग की चपेट में वहां से गुजर रहे अगरपाल आ गए और उनके पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आरोपितों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
