नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद के राज्य कर कार्यालय में 11 जुलाई 2026 को एक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति में व्यापारियों को जागरूक किया गया। जिसमें पर्यावरण सहित कई बिंदुओं पर चर्चा हुई।
शनिवार को संवाद कार्यक्रम में राज्य कर अधिकारी शैलेंद्र कुमार मौर्य और वीर सिंह ने उपस्थित व्यापारियों को चाइनीज मांझा, सिंथेटिक मांझा और सीसा लेपित डोरी के उपयोग से होने वाली जनहानि और पर्यावरणीय नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने इन खतरनाक सामग्रियों के उपयोग पर प्रतिबंध का पालन करने के लिए व्यापारियों को प्रेरित किया। इसके साथ ही व्यापारियों से अपील की गई कि वे समय से जीएसटी रिटर्न दाखिल करें और नियमानुसार कर का भुगतान सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का पालन करने से व्यापार सुचारू रूप से चलता है और अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सकता है। संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों की ओर से शिवम, मोहम्मद अब्दुल हबीब, मोहम्मद असलम, पुत्तन और अज़्जन सहित कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों को कानून के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित व जिम्मेदार व्यापार को बढ़ावा देना रहा।
