नया बदायूं

खाद की किल्लत : कालाबाजारी का खेल, छोटे किसान लाइन में—बड़े किसानों को धड़ल्ले से मिल रही डीएपी-यूरिया

नया बदायूं, संवाददाता मुजरिया।

सहसवान और मुजरिया क्षेत्र में खाद की भारी किल्लत के बीच कालाबाजारी का मामला सामने आ रहा है। किसानों का आरोप है कि सहकारिता विभाग की लापरवाही के चलते डीएपी व यूरिया जैसी जरूरी उर्वरक सामग्री छोटे किसानों को नहीं मिल पा रही, जबकि बड़े किसानों को धड़ल्ले से सप्लाई दी जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार सहकारी समिति अलीगंज पर छोटे किसानों को तीन-तीन दिन तक चक्कर लगाने के बाद भी खाद नहीं मिल रही है। वहीं आरोप है कि दुकानदार व संबंधित कर्मचारी बड़े किसानों को एक-एक व्यक्ति को 10-10 बोरी तक खाद उपलब्ध करा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि एक ही सचिव के पास तीन सहकारी समितियों और एक सहकारी संघ की जिम्मेदारी है, जिसके अंतर्गत कटैया अलीगंज, पातरचौहा, कोल्हाई तथा सहकारी संघ कोल्हाई पर खाद वितरण किया जा रहा है। आरोप है कि सचिव ने अपने स्तर पर निजी लड़कों को मशीन पर फिंगर लगवाकर खाद वितरण का काम सौंप दिया है, जिससे मनमानी और कालाबाजारी को बढ़ावा मिल रहा है।

किसानों का कहना है कि निजी कर्मचारी खुलेआम अनियमितता कर रहे हैं और जरूरतमंद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। जब इस संबंध में सचिव से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सभी किसानों को समान रूप से खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

Exit mobile version