नया बदायूं, संवाददाता।
शहर के वार्ड नंबर तीन के मोहल्ला नेकपुर में लंबे समय से खराब रास्ते और जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की ओर से करीब 18 लाख 67 हजार रुपये की लागत से कराए गए दो सीसी सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का शनिवार को पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने फीता काटकर उद्घाटन किया। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में आवागमन के साथ जल निकासी की व्यवस्था भी बेहतर होगी।
नगर पालिका के अनुसार नेकपुर में सोना लेडीज से ढाक वाली ज्यारत तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। इस कार्य पर करीब 9 लाख चार हजार रुपये की लागत आई है। वहीं, नेत्रपाल सिंह यादव के मकान से डॉ. मंगू सिंह यादव के मकान होते हुए संजीव शर्मा की दुकान तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। इस कार्य पर करीब 9 लाख 67 हजार रुपये खर्च हुए हैं। दोनों निर्माण कार्यों की कुल लागत करीब 18 लाख 67 हजार रुपये है।
उद्घाटन के दौरान पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। किसी भी वार्ड के साथ भेदभाव नहीं किया जा रहा है। सड़क, नाली, जल निकासी, सफाई और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के साथ नाली निर्माण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को कम किया जा सके। जिन क्षेत्रों में सड़क और जल निकासी की आवश्यकता है, वहां प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
फात्मा रजा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि खराब रास्ते और जलभराव के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में आवागमन और भी मुश्किल हो जाता था। सीसी सड़क और नाली निर्माण से बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और वाहन चालकों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य के लिए पालिकाध्यक्ष का आभार जताया।
पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से नालियों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में नगर पालिका के साथ नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के अन्य वार्डों में भी जरूरत के अनुसार विकास कार्य जारी रहेंगे।
इस मौके पर सभासद भूदेवी चंदेल, मुकेश साहू, रवि, नवैद, श्याम पाल, मनोज चंदेल, राजवीर यादव, नेत्रपाल यादव, वृजपाल यादव, संजीव यादव, आयुषमान यादव, हलकार यादव, अकरम, जेपी यादव, वीरेश पाल, रविन्द्र, पप्पू यादव, राम प्रकाश, लाइक सिंह, मुन्ना लाल, अनेक पाल, कृपाल सिंह, राजेन्द्र समेत कार्यालय अधीक्षक सूर्य प्रकाश सक्सेना, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मोहम्मद तय्यब, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक केशव गंगवार, निर्माण लिपिक सक्सेना, लिपिक नवैद इकबाल गनी आदि मौजूद रहे।
