नया बदायूं, संवाददाता।
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले मालवीय आवास गृह पर किसानों की मासिक पंचायत आयोजित की गई। पंचायत के बाद किसानों ने अपनी नौ सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार अंजनी कुमार राय को सौंपा।
जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसान और मजदूर हितों के प्रतिकूल बताते हुए इसे लागू न करने की मांग की। किसानों ने गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति कुंतल और चीनी का सरकारी रेट 60 रुपये प्रति किलो करने, गन्ना मिलों पर बकाया ब्याज दिलाने तथा घटतौली पर रोक लगाने की मांग उठाई।
वक्ताओं ने किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी, कर्ज के चलते जमीन और मकान की कुर्की पर रोक, निशुल्क शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं और आलू-प्याज सहित सब्जियों के लिए भावांतर योजना लागू करने की मांग की। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में शराब के ठेके बंद करने, सरकारी स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था सुधारने, भूमि अधिग्रहण कानून-2013 लागू करने और सर्किल रेट बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान यारवेंद्र यादव, नूरुद्दीन, भगवान दास, सत्येंद्र यादव, गंगा दीन, मुंशीलाल, धर्मेंद्र सिंह आर्य, बॉबी सिंह, शराफत खान, भूदेव, इरशाद खान और रामवीर सिंह शाक्य सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
