बिनावर, बदायूं। संवाददाता
विद्युत कटौती के विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र बिनावर पर जोरदार प्रदर्शन कर एक दिवसीय धरना दिया। इसके बाद ऊर्जा मंत्री उत्तर प्रदेश शासन के नाम पांच सूत्रीय ज्ञापन जूनियर इंजीनियर सतीश चंद्र को सौंपा।
मंडल प्रवक्ता राजेश कुमार सक्सेना ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को धान, गन्ना, मिर्च और सरसों की फसलों के लिए सिंचाई की जरूरत है। उन्होंने शासन के आदेश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति की मांग की।
जिला सचिव अर्जुन सिंह ने कहा कि जिले के सभी विद्युत केंद्रों से ग्रामीण क्षेत्रों में कटौती हो रही है, जिसे तत्काल बंद किया जाए। वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष ठाकुर अजय पाल सिंह ने कहा कि जरूरत पड़ने पर किसान विद्युतघरों पर अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे।
ब्लॉक अध्यक्ष पप्पू सैफी ने कुंवरगांव क्षेत्र में भी विद्युत कटौती बंद कराने की मांग की। इस दौरान तहसील उपाध्यक्ष कैसर अली, बृजपाल प्रजापति, सुरेश दीवान, कृष्ण पाल सिंह, ईशार, प्रमोद कुमार, ओंकार, लाला आप समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।
