नया बदायूं

किसान नवीनतम तकनीक अपनाकर बढ़ाएं कृषि से लाभ

बदायूं, संवाददाता।

प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ रेजिड्यू एवं त्वरित मक्का विकास योजना के तहत मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती मेमोरियल इंटर कॉलेज, ढिलवारी दातागंज में किसान मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दातागंज विधायक एवं सभापति, प्रतिनिहित विधायन समिति उत्तर प्रदेश राजीव कुमार सिंह ने की।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, पराली जलाने से होने वाले नुकसान और फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी। इफको के सहायक प्रबंधक ने डीएपी की उपलब्धता के साथ नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग की जानकारी दी। मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के प्रभारी ने मिट्टी की जांच के महत्व, जबकि जिला कृषि अधिकारी ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री और कृषि यंत्रों की बुकिंग प्रक्रिया के बारे में किसानों को बताया। विधायक राजीव कुमार सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए नवीनतम तकनीक अपनाकर कृषि से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पराली प्रबंधन से संबंधित कृषि यंत्रों के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया और किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए गए। विभिन्न निजी एवं राजकीय संस्थाओं ने स्टॉल लगाकर कृषि संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर एसडीएम दातागंज विनोद कुमार, उप कृषि निदेशक मनोज कुमार, जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत, विवेक गौरव, कृषि विज्ञान केंद्र दातागंज के वैज्ञानिक सहित दूरदराज से आए किसान मौजूद रहे।

Exit mobile version