नया बदायूं

प्रशासनिक उपेक्षा से नाराज किसानों का ऐलान, बरेली कमिश्नरी का करेंगे घेराव

बदायूं, संवाददाता।

शहर के मालवीय आवास पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना 24वें दिन भी जारी रहा। समस्याओं का समाधान न होने से नाराज संगठन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। जिलाध्यक्ष सतीश साहू के नेतृत्व में किसान बृहस्पतिवार को बरेली कमिश्नरी पहुंचकर मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे।

जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने बताया कि बदायूं शहर में बीएसएनएल कार्यालय के पीछे स्थित सरकारी नाले की जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराने का मामला सामने आया है। वहीं, ग्राम पंचायत बुटला दौलत जूनिईया के मजरे में महिला प्रेमवती की जमीन को कथित तौर पर फर्जी तरीके से बैनामा कराने का आरोप है। संगठन का कहना है कि उक्त भूमि का इकरारनामा कई वर्ष पहले ही पंजीकृत कराया जा चुका था।

लाडो डिटर्जेंट

सतीश साहू ने कहा कि एक असहाय महिला अपनी जमीन बचाने के लिए भटक रही है, जबकि किसान करीब एक महीने से धरने पर बैठे हैं। इसके बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने मांग की कि प्रेमवती को न्याय दिलाया जाए और सरकारी नाले की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

संगठन ने गुरुवार को आंदोलन को गति देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने की भी बात कही। नेताओं ने चेतावनी दी कि कमिश्नरी स्तर पर समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो आंदोलन को पूरे मंडल में तेज किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

धरने में बीयीशु दास, भगवान दास, शरीफ अब्बासी, कामिनी, राशिद हुसैन, दिलशाद हुसैन, प्रेमवती, कृष्ण अवतार शाक्य, कल्लू और नूरुद्दीन सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Exit mobile version