नया बदायूं

मक्का की रखवाली कर रहे किसान को अज्ञात वाहन ने कुचला, दर्दनाक मौत

नया बदायूं संवाददाता, वजीरगंज।

उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। थाना वजीरगंज क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मक्का की रखवाली कर रहे किसान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। घटना गंगा एक्सप्रेसवे के लिंक मार्ग पर हुई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।


प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव गोठा निवासी रियासत अली (40) पुत्र हासिम अली ने गांव जखौलिया और गोठा के बीच बने अंडरपास के पास सड़क किनारे अपनी मक्का सूखने के लिए फैलाई थी। देर रात वह मक्का को एकत्र कर उसकी रखवाली के लिए पास में चारपाई डालकर सो गया।
बताया जा रहा है कि देर रात किसी अज्ञात वाहन ने चारपाई समेत किसान को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब घटना की जानकारी परिजनों को मिली तो वे मौके पर पहुंचे। किसान का शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल हो गया।
सूचना मिलते ही थाना वजीरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version