दातागंज, संवाददाता।
दातागंज तहसील क्षेत्र के नौगवां नसीरनगर गांव में मकान का लेंटर गिरने से हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले चंद्रभान के परिजनों को शुक्रवार देर शाम पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया। भाजपा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने पीड़ित परिवार को यह चेक प्रदान किया। यह सहायता भाजपा सरकार की ओर से पीड़ित परिवार को दी गई है।
गौरतलब है कि 20 सितंबर को उसहैत थाना क्षेत्र के नौगवां नसीरनगर गांव में म्याऊं-उसहैत मार्ग पर एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान लेंटर को सहारा देने के लिए लगाई गई बल्ली मिट्टी में धंस गई। इससे पूरा लेंटर अचानक भरभराकर गिर पड़ा और उसके नीचे काम कर रहे लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
इस दर्दनाक हादसे में चंद्रभान, पन्ना लाल उर्फ दलवीर सिंह और दलवीर के साले अवनीश मलबे में दब गए थे। हादसे में चंद्रभान और अवनीश की मौत हो गई, जबकि पन्ना लाल उर्फ दलवीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया था। अचानक हुए इस हादसे ने दोनों परिवारों को गहरे दुख में डाल दिया।
मृतक अवनीश शाहजहांपुर जिले के निवासी थे, जबकि चंद्रभान बदायूं जिले की शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले थे। हादसे के बाद पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने की पहल की गई। इसी क्रम में शुक्रवार देर शाम भाजपा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने चंद्रभान के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस आर्थिक सहायता से दुख की घड़ी में परिवार को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हादसे में परिवार के सदस्य को खोने का दुख अपूरणीय है, लेकिन सरकार की ओर से दी गई सहायता से प्रभावित परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा।
