नया बदायूं

फैजगंज बेहटा पुलिस ने 18 घंटे में सकुशल बरामद किया तीन वर्षीय बालक, परिजनों को सौंपा

 

बदायूं संवाददाता।

थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लापता हुए तीन वर्षीय बालक को महज 18 घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परेशान परिवार ने राहत की सांस ली।

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने थाना फैजगंज बेहटा पहुंचकर अपने करीब तीन वर्षीय पुत्र के लापता होने की सूचना दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर बालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।

लाडो डिटर्जेंट

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तलाश अभियान शुरू किया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर बालक की तलाश में पतारसी-सुरागरसी की गई।

पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद 30 अक्टूबर को ग्राम ओरछी से इस्लामनगर जाने वाले मार्ग से बालक को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम

इस अभियान में उपनिरीक्षक रवेन्द्र सिंह राणा (टीम प्रभारी), उपनिरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मुनाजिर खां, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, कांस्टेबल विनित कुमार, कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल कलीम खान शामिल रहे।

बदायूं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। किसी भी बच्चे के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version