नया बदायूं

स्कूल सेफ्टी ऑडिट में विशेषज्ञों ने परखी विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था

नया बदायूं, संवाददाता।

शासन के निर्देश पर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में संचालित स्कूल सेफ्टी ऑडिट कार्यक्रम के तहत तीन विद्यालयों का व्यापक सुरक्षा निरीक्षण किया गया। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने विद्यालयों में भवन की मजबूती, अग्निशमन व्यवस्था, विद्युत वायरिंग, आपातकालीन निकास और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया।

नगर क्षेत्र स्थित कंपोजिट स्कूल सोथा में आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ षटवदन कुमार, फायर सेफ्टी विशेषज्ञ मोहम्मद तफ़ज़ील और स्ट्रक्चरल इंजीनियर ज्ञानेंद्र सिंह ने विद्यालय परिसर का सघन निरीक्षण किया। टीम ने कक्षा-कक्षों की भौतिक स्थिति, भवन की मजबूती, विद्युत व्यवस्था, संभावित जोखिम वाले स्थानों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी की व्यवस्था को परखा।

निरीक्षण के दौरान डिस्ट्रिक्ट एमआईएस/आईटी विशेषज्ञ ईसार अली और डीपीएम अमर सिंह भी मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक मज़हर अहमद और समस्त स्टाफ ने टीम को आवश्यक दस्तावेज एवं सूचनाएं उपलब्ध कराते हुए सहयोग किया।

कार्यक्रम के तहत ग्रामीण क्षेत्र के कंपोजिट स्कूल रतनपुर (बिसौली) और कंपोजिट स्कूल गोठा (वजीरगंज) का भी सुरक्षा ऑडिट किया गया। टीम में आकाश कुमार, निलोफर और शमशुल ने निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।

निरीक्षण के आधार पर तैयार की गई सुरक्षा रिपोर्ट संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में मौजूद संभावित सुरक्षा जोखिमों की पहचान कर उन्हें दूर करना तथा बच्चों के लिए सुरक्षित और बाल-सुलभ वातावरण सुनिश्चित करना है।

शासन के निर्देशों के अनुसार जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को ऑडिट टीम को विद्यालय से संबंधित सही एवं आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा निरीक्षण कार्य में पूरा सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का मानना है कि नियमित सुरक्षा ऑडिट से विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा।

Exit mobile version