नया बदायूं

फरियादियों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीएम

नया बदायूं, संवाददाता।

तहसील बिल्सी में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक फरियादी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समय से करें निस्तारण 
डीएम ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में स्थलीय सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा अनुपालन आख्या समय पर प्रस्तुत की जाए।

46 में 4 शिकायतें निस्तारण
समाधान दिवस के दौरान राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 46 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 24, पुलिस विभाग की 12 तथा अन्य विभागों की 10 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें भूमि की पैमाइश कराने, चकरोड से अवैध कब्जा हटवाने जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं।

गम्भीरता दिखाएं अफसर
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसएसपी अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) गामिनी सिंगला, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बिल्सी, तहसीलदार बिल्सी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version