बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं की तहसील बिल्सी में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही और अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समाधान दिवस में राजस्व की 45, पुलिस की 12, समाज कल्याण की दो और नगर पालिका की चार समेत कुल 63 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें तीन का मौके पर निस्तारण कराया गया। खौसारा और खेरवारा में चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायतों पर डीएम ने पैमाइश कर कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत बिल में अधिक राशि आने की शिकायत पर एसडीओ को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। बैठक में एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य, तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
