बदायूं संवाददाता।
उत्तर प्रदेश माहौर वैश्य महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला महामंत्री अंश गुप्ता के प्रतिष्ठान, आर्य समाज के सामने कानूनगोयान, बदायूं में आयोजित की गई। बैठक का शुभारंभ संगठन के संरक्षक डॉ. जय प्रकाश गुप्ता ने दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद जिला एवं नगर कार्यकारिणी के साथ जिला विवाह प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी की घोषणा की गई। बैठक में समाज की एकता, संगठन की मजबूती और सामाजिक विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष अजय के. गुप्ता ने समाज की एकता और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि समाज की प्रगति के लिए सभी समाजबंधुओं को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। संगठन की मजबूती से ही समाज के हितों की रक्षा और विकास के कार्यों को गति दी जा सकती है।
प्रदेश महामंत्री अरविंद गुप्ता ने शिक्षा, संस्कार और युवाओं की भागीदारी को समाज के विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी बोध कराना आवश्यक है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट संजीव गुप्ता ने समाज में कानूनी जागरूकता, अधिकारों की जानकारी और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही अपने अधिकारों और कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकता है।
प्रदेश उपाध्यक्ष के.बी. गुप्ता ने कहा कि माहौर वैश्य समाज का गौरवशाली इतिहास, व्यापारिक परंपरा, सेवा भावना और दानशीलता समाज की पहचान है। इन परंपराओं को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष संतोष मोहन गुप्ता ने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार को जोड़ना, सामाजिक संबंधों को मजबूत करना और समाजहित के कार्यों को गति देना है। जिला महामंत्री अंश गुप्ता ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी के गठन से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और सामाजिक गतिविधियों को विस्तार दिया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
बैठक में घोषित जिला कार्यकारिणी के तहत जिला उपाध्यक्ष पद पर दीपक वैश्य, राजेश गुप्ता, दीपेंद्र गुप्ता एवं पवन गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, जिला मंत्री पद पर अमित महाजन, वैभव गुप्ता एवं दीपक गुप्ता को नियुक्त किया गया।
बदायूं और बिसौली नगर कार्यकारिणी घोषित
नगर बदायूं की कार्यकारिणी में रोहित गुप्ता को नगर अध्यक्ष तथा हिमांशु गुप्ता को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया। वहीं, बिसौली में निर्भय गुप्ता को नगर अध्यक्ष और नरेंद्र गुप्ता को नगर महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिसौली नगर की शेष कार्यकारिणी शीघ्र गठित कर जिला महामंत्री को अनुमोदन के लिए भेजने का निर्णय लिया गया।
जिला विवाह प्रकोष्ठ का भी गठन
बैठक में जिला विवाह प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी की घोषणा की गई। वक्ताओं ने विवाह संबंधी सामाजिक समन्वय को बढ़ावा देने और परिवारों के बीच संपर्क मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके लिए डॉ. संजीव गुप्ता, दीपक वैश्य एवं पवन गुप्ता को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. संजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, एडवोकेट सौरभ गुप्ता, सीए यशस्वी गुप्ता सहित अनेक समाजबंधु उपस्थित रहे।
