बदायूं, संवाददाता।
नेशनल कन्फेडरेशन ऑफ दलित एंड आदिवासी ऑर्गनाइजेशन (NACDAOR) की ओर से वजीरगंज ब्लॉक में दलित समाज की एकता, सशक्तिकरण और सामाजिक रूपांतरण को लेकर दलित राउंड टेबल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक एकता, संवैधानिक अधिकारों की जागरूकता तथा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को लेकर संवाद हुआ।
सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश कुमारी ने कहा कि दलित समाज के पुनर्निर्माण के लिए केवल समस्याओं पर चर्चा पर्याप्त नहीं है। शिक्षा, संगठन, आर्थिक आत्मनिर्भरता और सामाजिक सम्मान को मजबूत करना जरूरी है।
NACDAOR से आई सुमेधा बौद्ध ने शिक्षा को पहली प्राथमिकता बताते हुए कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल ज्ञान और कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि वे रोजगार और नेतृत्व के अवसरों तक पहुंच बना सकें। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों को कौशल, रोजगार, स्वरोजगार और सरकारी योजनाओं की जानकारी तथा उनका वास्तविक लाभ दिलाने पर जोर दिया।
लाडी भारती ने सामाजिक एकता और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि जातिगत भेदभाव और सामाजिक असमानता का सामना कानून, लोकतांत्रिक संवाद और सामूहिक जागरूकता के माध्यम से किया जा सकता है।
दिल्ली से आए अधिवक्ता रवि ने महिलाओं और युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। सामाजिक कार्यकर्ता रूप किशोर ने गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले संवाद की व्यवस्था विकसित करने तथा सरकारी योजनाओं, संवैधानिक अधिकारों और शिक्षा के अवसरों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की बात कही।
अंत में कमलेश कुमारी ने कहा कि संविधान के मूल्यों समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व को आधार बनाकर ही दलित समाज का मजबूत और सम्मानजनक पुनर्निर्माण संभव है। इसके लिए शिक्षित युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत सदस्य ओमप्रकाश जाटव, कमल किशोरी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, श्वेता सिंह पंचायत सहायक, फूल सिंह शिक्षा मित्र मनवा, नाथू देवी आशा, राजू आजाद अनुदेशक, श्रवण कुमार प्रधान, लटूरी लाल रोडवेज परिचालक, नरेश पाल सफाई कर्मचारी, अमर सिंह भूतपूर्व बीटीसी सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम किशोर पेपल, हरिनंदन बरखेड़ा, सुरेश पाल सिंह, अनीता देवी, कुमकुम, शिवानी, रीना तथा युवा भीम आर्मी टीम के रौनक कुमार, राहुल कुमार, निखिल, आशीष सहित अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया।
