नया बदायूं

चार माह से वेतन न मिलने पर ईसीसी एजूकेटर पहुंचे बीएसए कार्यालय, जल्द भुगतान का मिला आश्वासन

नया बदायूं, संवाददाता।

जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यरत ईसीसी (Early Childhood Care) एजूकेटरों को पिछले लगभग चार माह से वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या को लेकर सभी प्रभावित एजूकेटर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) नवीन कुमार से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे और अपनी परेशानी विस्तार से बताई।

एजूकेटरों ने बीएसए को अवगत कराया कि सरकार द्वारा उन्हें आउटसोर्सिंग के माध्यम से नियुक्त किया गया है, लेकिन नियमित वेतन न मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन ड्यूटी पर आने-जाने का किराया देना और परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। ऐसे में उन्होंने बीएसए से अनुरोध किया कि उनका लंबित वेतन जल्द से जल्द दिलवाया जाए। एजूकेटरों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने तत्काल संबंधित पटल के बाबू को बुलाया और निर्देश दिए कि संबंधित कंपनी को तुरंत बिल भेजकर एजूकेटरों का मानदेय भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर जून माह तक का भुगतान करा दिया जाएगा।

मिला आश्वासन
बीएसए द्वारा दिए गए इस आश्वासन के बाद सभी एजूकेटरों ने राहत की सांस ली और उनका आभार व्यक्त किया। एजूकेटरों का कहना है कि यदि समय पर वेतन मिलने लगे तो वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कार्यों का निर्वहन कर सकेंगे।

ज्ञापन देने वाले एजुकेटर

ज्ञापन देने वालों में सत्येन्द्र प्रताप सिंह, अखिलेश कुमार (वजीरगंज/सहसवान), रुचि (कादरचौक), सुमति यादव (सलारपुर), सपना यादव (सलारपुर), रुबीना असलम (नगर क्षेत्र बदायूं), मुशाहिद (उझानी), सोनी (कादरचौक), दुर्गेश (सहसवान), रहसूल हसन (कादरचौक), चांदनी, पूनम उपाध्याय, ऋषभ और प्राची सहित अन्य एजूकेटर उपस्थित रहे।

Exit mobile version