नया बदायूं, बिल्सी संवाददाता।
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यालय में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष दिन पर विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करने के लिए सभी कक्षाओं के अनुसार अलग-अलग प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बुधवार को बिल्सी के बाबा इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा से हुई जिसमें विद्यार्थियों को पृथ्वी दिवस के महत्व के बारे में बताया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण प्राकृतिक संसाधनों के सीमित उपयोग तथा ऊर्जा बचाने के उपायों के बारे में जागरूक किया। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें विद्युत ऊर्जा का संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल थे। विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करते हुए पर्यावरण के प्रति अपनी संवेदनशीलता को दर्शाया। यहां अरिहन्त वृक्षारोपण सामाजिक सेवा समिति ने विद्यालय में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों को ट्री-मैन प्रशांत जैन ने कहा कि विश्व पृथ्वी दिवस के मौके पर हम सभी को यह संकल्प लेना होगा कि अपने प्रत्येक शुभ अवसरों एवं महापुरुषों आदि की जयंती पर पौधरोपण अवश्य करेंगे एवं उसको बड़ा होने तक उसकी देखभाल भी करेंगे।आयोजित हुई प्रतियोगिताओ में कक्षा 9 से आरोही पाल व अनुभव प्रताप सिंह, कक्षा -10 से योग्यता वार्ष्णेय, कक्षा 11 से ईशानी माहेश्वरी, कक्षा 12 से अनन्या तोमर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि हम सब प्रत्येक पृथ्वी दिवस पर एक पौधा लगायेंगे तो निश्चित रूप से पृथ्वी का वातावरण शुद्ध, आपका शहर सुन्दर एवं आपका स्वास्थ्य और भी बेहतर हो जाएगा। इस मौके पर विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, प्रशासक अमित माहेश्वरी तथा पर्यावरण प्रेमी डॉ. नीरज अग्निहोत्री मौजूद रहे।

Discussion about this post