नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य के प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद प्रथम बार बदायूं आगमन पर आज शहर में अभूतपूर्व स्वागत का नजारा देखने को मिला। जिले की सीमा से लेकर शहर तक भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं समर्थकों ने जगह-जगह फूल-मालाओं, पगड़ी पहनाकर तथा पुष्पवर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया। पूरे मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ों बाइक, कार, जीप और अन्य वाहनों का लंबा काफिला उनके साथ चलता रहा, जिससे पूरे मार्ग पर उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
बरेली से बदायूं तक भव्य स्वागत
प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी द्वारा पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लाल फाटक बरेली से स्वागत यात्रा प्रारंभ हुई। इसके बाद चाढ़पुर, देवचरा, भमोरा, पुठी सराय (बरेली-बदायूं बॉर्डर), रसूलपुर पुठी, विजयनगला, बरखेड़ा, बिनावर, मलगांव, जय किसान पेट्रोल पंप घटपुरी, पंचम मोटर्स तथा मैक्स केयर हॉस्पिटल खेड़ा नवादा सहित अनेक स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रत्येक स्थल पर दुर्विजय सिंह शाक्य का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया तथा पारंपरिक पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया गया।
बदायूं शहर में दिखा उत्साह
स्वागत यात्रा जब बदायूं शहर पहुंची तो भगत सिंह चौक सहित विभिन्न स्थानों पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिनंदन किया। शहर में जगह-जगह भाजपा के झंडों, बैनरों और स्वागत द्वारों से पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया गया था। कार्यकर्ताओं में प्रदेश उपाध्यक्ष के स्वागत को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया।
बारिश कम ना कर सकी भाजपाइयों का उत्साह
दोपहर करीब दो बजे अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। मूसलाधार बारिश के बावजूद भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का जोश जरा भी कम नहीं हुआ। भीगते हुए भी कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे और पूरे उत्साह के साथ स्वागत समारोह में शामिल हुए। खराब मौसम भी भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह को डिगा नहीं सका। बारिश के बीच भी कार्यक्रम में भारी भीड़ बनी रही और पूरे आयोजन के दौरान संगठन के प्रति समर्पण एवं अनुशासन का परिचय देखने को मिला।
भाजपा में ही कार्यकर्ताओ का सम्मान
बदायूं शहर के श्याम नगर स्थित कृष्ण लॉन में इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि बदायूं के प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता के परिश्रम और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान देने का काम करता है और यही भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता है। उंन्होने कहा प्रत्येक कार्यकर्ता को धेर्य व संयम रखना चाहिए। उन्होंने अपनी जीवनयात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वह विद्यार्थी परिषद में पूर्ण कालिक रहे, युवा मोर्चा होते हुए यहां तक पहुंचे। लिहाजा भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसमे सामान्य कर्तकर्ता भी पार्टी में शिखर तक पहुच सकता है। उंन्होने कहा उनके ऊपर लोकसभा चुनाव का कर्ज है वह अब उसे उतारेंगे, के हर व्यक्ति व कार्यकर्ता की आवाज लखनऊ तक उठाएंगे। बदायूँ के प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरा सम्मान मिलेगा और उनकी आवाज बन कर वह लखनऊ जा रहे है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा जनहित की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा ने बनाया बदायूं का गौरव
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य का स्वागत बदायूं के भाजपा परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सभी के सामूहिक प्रयासों से पार्टी निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले का संगठन पूरी मजबूती के साथ प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों का पालन करेगा। आगामी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संगठनात्मक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
भाजपा सरकार में भेदभाव नहीं : महेश गुप्ता
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार ने बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को गति दी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया तथा कहा कि संगठन और सरकार के समन्वय से भाजपा और अधिक मजबूत होगी।
भाजपा में कार्यकर्ता ही सर्वोपरि : राजीव सिंह
विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा एक विचारधारा आधारित संगठन है, जहां कार्यकर्ता सर्वोपरि होता है। उन्होंने कहा कि दुर्विजय सिंह शाक्य को मिली नई जिम्मेदारी पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। संगठन ने हमेशा मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना चाहिए। भाजपा सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
भाजपा अनुशासित पार्टी : हरीश शाक्य
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और अनुशासन पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि तेज बारिश भी कार्यकर्ताओं के संकल्प को कमजोर नहीं कर सकी, जो संगठन के प्रति उनकी निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में बदायूँ संगठन और अधिक मजबूत होगा। विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ भाजपा आगे भी जनता का विश्वास जीतती रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल , भाजपा के पूर्व प्रत्याशी डी के भारद्वाज, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष,पूनम यादव,पूर्व अध्यक्ष हरिप्रसाद पटेल आदि ने भी विचार व्यक्त किए।
यह रहे मौजूद
इस मौके पर पूर्वमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदु पाठक,पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष हरप्रसाद सिंह पटेल, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक भारती, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जेके सक्सेना, हीरालाल कश्यप, धीरज सक्सेना, डीके भारद्वाज, दुर्गेश वार्ष्णय, रानी सिंह पुंडीर, शिशुपाल शाक्य, सुधीर श्रीवास्तव, हरिओम पाराशरी, राणा प्रताप सिंह, आशीष शाक्य, जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, नामित गुप्ता, अजय मथुरिया, गोपाल शर्मा आदि मौजूद रहे,।
