बदायूं, संवाददाता।
डीएम के निर्देश पर परिवहन विभाग ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विद्यालयों के आसपास अवैध एवं अनाधिकृत ई-रिक्शा के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन/प्रवर्तन हरिओम और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर ई-रिक्शा की जांच की गई।
अभियान के दौरान बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने में लगे ई-रिक्शा के पंजीयन, परमिट/अनुमति, फिटनेस, बीमा समेत अन्य जरूरी दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान कई वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
परिवहन विभाग की टीम ने कुल 20 ई-रिक्शा की जांच की, जिनमें 4 के चालान किए गए और 6 ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को बच्चों के सुरक्षित परिवहन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विभाग ने अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन से अपील की कि बच्चों को विद्यालय लाने-ले जाने के लिए केवल वैध दस्तावेज, फिटनेस, बीमा और निर्धारित सुरक्षा मानकों वाले अधिकृत वाहनों का ही प्रयोग किया जाए। विद्यालय प्रबंधन भी यह सुनिश्चित करें कि बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के सभी दस्तावेज और आवश्यक मानक पूर्ण हों।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बच्चों के परिवहन में नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
