नया बदायूं

12 सितंबर को डॉ. उर्मिलेश स्मृति अंतर माध्यमिक विद्यालय काव्य प्रतियोगिता

नया बदायूं संवाददाता।

डॉ. उर्मिलेश जनचेतना समिति की ओर से प्रख्यात राष्ट्रीय गीतकार डॉ. उर्मिलेश के अमृत जयंती वर्ष के अंतर्गत उनकी स्मृति में डॉ. उर्मिलेश स्मृति अंतर माध्यमिक विद्यालय काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता 12 सितंबर 2026 को नगर के श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में सुबह 9 बजे से आयोजित होगी।

प्रतियोगिता के संयोजक आलोक पाठक ने बताया कि जिले के माध्यमिक विद्यालयों में संपर्क कर समिति की ओर से प्रतियोगिता के आवेदन फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी 5 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र जमा करने का स्थान बदायूं क्लब निर्धारित किया गया है।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को राष्ट्रीय गीतकार डॉ. उर्मिलेश की किसी रचना गीत, गजल, दोहा, नवगीत आदि का सस्वर पाठ करना होगा। प्रस्तुति के लिए अधिकतम पांच मिनट का समय निर्धारित किया गया है। प्रतिभागियों का मूल्यांकन रचना चयन, उच्चारण की शुद्धता और प्रस्तुति के आधार पर किया जाएगा। वेशभूषा के साथ दी जाने वाली प्रस्तुति का पृथक मूल्यांकन किया जाएगा। निर्णायक मंडल का निर्णय सर्वमान्य होगा।
प्रतियोगिता को दो वर्गों में आयोजित किया जाएगा। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। डॉ. उर्मिलेश की रचनाओं की जानकारी उनके सोशल मीडिया माध्यमों अथवा आवास से प्राप्त की जा सकती है।
समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे, जबकि विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं स्टेशनरी देकर सम्मानित किया जाएगा।
समिति की सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में समिति के सदस्य डॉ. राम बहादुर व्यथित, डॉ. शैलेन्द्र कबीर, डॉ. सत्यम मिश्रा, प्रशांत दीक्षित, सुमित मिश्रा, मयंक गुप्ता और शिवम वैश्य सहयोग करेंगे।

Exit mobile version