नया बदायूं

पीएमएस संघ बदायूं के जिलाध्यक्ष बने डॉ. राजेश वर्मा और सचिव मोहित यादव, जोरदार स्वागत

नया बदायूं, संवाददाता।

प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (पीएमएस), उत्तर प्रदेश के दिशा-निर्देशों के क्रम में जिला शाखा बदायूं की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी के गठन को चुनाव प्रक्रिया शुक्रवार को जिला चिकित्सालय (पुरुष), बदायूं के सभागार में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुई। जिसमें जिला अध्यक्ष पद पर डॉक्टर राजेश कुमार वर्मा और सचिव पद पर मोहित यादव को विजय हासिल हुई है।

90.36 फीसदी मतदान
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा मनोनीत जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं जिला रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल की देखरेख में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक मतदान कराया गया। चुनाव में कुल 83 मतदाताओं में से 75 चिकित्सकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे 90.36 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। यह प्रतिशत संगठन के प्रति चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।

डॉ.मोहित यादव ने डॉ. रश्मि को 2 वोट से हराया
मतदान के उपरांत निर्वाचन अधिकारियों एवं प्रत्याशियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पारदर्शी ढंग से मतगणना की गई। सचिव पद के लिए हुए मुकाबले में कुल 74 वैध मत पड़े, जबकि 01 मत निरस्त घोषित किया गया। डॉ. मोहित यादव को 38 मत प्राप्त हुए, जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. रश्मि दीप गंगवार को 36 मत मिले। इस प्रकार डॉ. मोहित यादव 2 मतों के अंतर से जिला सचिव निर्वाचित घोषित किए गए।

लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बने डॉ. राजेश वर्मा
इस चुनाव का प्रमुख आकर्षण यह रहा कि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार वर्मा लगातार दूसरी बार निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुने गए। चिकित्सकों ने एक बार फिर उनके नेतृत्व, समर्पण और सक्रिय कार्यशैली पर भरोसा जताते हुए उन्हें सर्वसम्मति से संगठन की कमान सौंपी। उनके पुनः अध्यक्ष बनने पर जिलेभर के चिकित्सकों में हर्ष का माहौल देखा गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (2026-27) इस प्रकार है
जिला अध्यक्ष: डॉ. राजेश कुमार वर्मा
उपाध्यक्ष: डॉ. मोहम्मद तहसीन
उपाध्यक्ष: डॉ. नवनीत कुमार
उपाध्यक्ष (महिला): डॉ. श्रद्धा गंगवार
जिला सचिव: डॉ. मोहित यादव
केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य: डॉ. राजवीर गंगवार
वित्त सचिव: डॉ. शिव मोहन कमल
सम्पादक: डॉ. अवधेश राठौर

प्रमाण पत्र दिए

परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सचिव को निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

दूसरी बार अध्यक्ष बनना एक बड़ा सम्मान
इस अवसर पर डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन का लगातार दूसरी बार नेतृत्व करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ चिकित्सकों के हितों की रक्षा करते हुए प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे और जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

आभार व्यक्त किया
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गवेन्द्र कुमार गुप्ता एवं रिटर्निंग अधिकारी डॉ. नरेश पाल ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए सफल एवं निष्पक्ष चुनाव में सहयोग देने वाले सभी चिकित्सकों, प्रशासन एवं पुलिस का आभार व्यक्त किया।

Exit mobile version