नया बदायूं

डीएम से शिकायत : बिना पंजीकरण नर्सिंग होम पर उठे सवाल, पहले भी दर्ज हो चुका है मुकदमा

नया बदायूं, संवाददाता
जनपद के दातागंज क्षेत्र के गांव बक्सेना में एक नर्सिंग होम के बिना पंजीकरण संचालित होने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय शिकायतकर्ताओं का कहना है कि नर्सिंग होम की संचालक सीमा मिश्रा स्वयं को डॉक्टर बताकर प्रसव और डीएनसी जैसे चिकित्सीय कार्य करा रही हैं तथा मरीजों से मोटी फीस वसूली जा रही है।

डीएम अविनाश राय से अजीत शर्मा द्वारा की गई शिकायत में यह भी बताया गया है कि नर्सिंग होम में आधा दर्जन से अधिक स्टाफ कार्यरत है, जिनकी योग्यता और प्रशिक्षण पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि यहां चिकित्सा मानकों की अनदेखी कर मरीजों के स्वास्थ्य के साथ जोखिम उठाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि इस मामले में पहले भी हजरतपुर थाने में सीमा मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद नर्सिंग होम पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

शिकायतकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर बिना पंजीकरण संचालित नर्सिंग होम के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही पर रोक लग सके। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version