नया बदायूं

बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे DM अवनीश राय, नाव से किया निरीक्षण

नया बदायूं संवाददाता।

जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच DM अवनीश राय ने मंगलवार को दातागंज तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम भुंडी, रहपुरा और कदम नगला पहुंचकर बाढ़ की स्थिति, कटान और ग्रामीणों के सामने आ रही समस्याओं की जानकारी ली। DM ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान DM ने पाया कि क्षेत्र में 500 मीटर से अधिक कटान हो चुका है। उन्होंने अधिकारियों से कटान की स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण ग्रामीणों की सुरक्षा और आवागमन प्रभावित न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।


नाव से पहुंचे प्रभावित गांव
DM अवनीश राय ग्राम भुंडी से नाव के माध्यम से कदम नगला और रहपुरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनका हालचाल जाना। उन्होंने ग्रामीणों से बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं, आवागमन, पशुओं की स्थिति तथा आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए DM ने कहा कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति के अनुसार आवश्यक राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश
DM ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देते हुए पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को सप्ताह में कम से कम दो दिन नियमित रूप से प्रभावित गांवों में पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाए और जरूरत पड़ने पर उपचार एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और बाढ़ के दौरान होने वाली संभावित स्वास्थ्य समस्याओं से समय रहते निपटा जा सके।
राहत-बचाव में लापरवाही पर सख्त निर्देश
DM ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्र की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ और कटान की स्थिति की नियमित जानकारी लेते रहने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान SDM दातागंज विनोद कुमार सिंह सहित राजस्व, स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version