नया बदायूं, संवाददाता।
डीएम अवनीश राय ने कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत कछला गंगा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सोमवार को निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने बदायूं से कासगंज बॉर्डर और बरेली बॉर्डर तक कांवड़ मार्ग का भी निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीएम ने बताया कि आगामी श्रावण मास में 30 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
घाट के दोनों छोरों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। डीएम ने जनपदवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी असुविधा या आपात स्थिति में कंट्रोल रूम नंबरों का उपयोग करें और प्रशासन का सहयोग करते हुए कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
